Showing posts with label सामयिकी. Show all posts
Showing posts with label सामयिकी. Show all posts

Wednesday, October 7, 2015

क्या रक्षा संबंधी प्रगति का ढोल टीवी चैनलों पर पीटना वाजिब है?



 रहने दें अभी थोड़ा-सा भरम
o   क्या हम ऐसा करके अपने दुश्मन की मदद नहीं कर रहे?
o   क्या वह इससे आपके हथियारों का काट नहीं बना लेंगे
o   वे हथियार जिन पर आप नाज कर रहे हैं।
o   वह दुश्मन देश जिसके सिर पर एक सशक्त देश का हाथ है।
o   जो लगातार हमारे यहां आतंकवादी घुसपैठ करा रहा है।
o   आखिर हम रक्षा   भेद किसी पर क्यों जाहिर करें।
o   कहावत भी है ‘ बंद मुट्ठी लाख की खुल गयी तो खाक की’ ।
o   टीवी में लाइव कमेंट्री का हस्र मुंबई हमले में हम देख चुके हैं।
o  हाल ही एक चैनल ने एलओसी में लगनेवाली तकनीक दिखायी।
o  जाहिर है जिसे डरा रहे हैं वह इसका जवाब खोज रहा होगा।
o  तकनीक पर सिर्फ आपकी पहुंच नहीं,कोई भी इसे पा सकता है।
o  मीडिया को भी देश की रक्षा के बारे में संयम बरतना चाहिए।
o  सब कुछ दिखाना नहीं, देशहित में जरूरी हो तो छिपाना सीखिए।

राजेश त्रिपाठी


एक प्रसिद्ध टीवी चैनल पर एक कार्यक्रम देख कर यह पोस्ट लिखने को विवश हुआ हूं। चैनल का नाम देना जरूरी नहीं समझता । जिन लोगों ने यह शो देखा होगा वह नाम तक भी पहुंच जायेंगे। इस विवाद में क्यों पड़ना। बात देशहित की है इसलिए लिखना अपना परम कर्तव्य और एक धर्म समझता हूं। पहले उस कार्यक्रम के बारे में बताता चलूं फिर उससे पड़नेवाले संभावित प्रभावों पर भी अपनी अल्पबुद्धि से कुछ लिखूंगा। बरसों से हमारा देश पड़ोसी देश की ओर से एलओसी के पार से करायी जा रही आतंकवादियों की घुसपैठ से बेहाल और तबाह है। दूसरे देश की ओर से प्रायोजित आतंकवाद में हजारों निरीह जानें गयीं, हमारे तमाम वीर सैनिक शहीद हुए लेकिन यह आफत थमने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। कोई भी महीना, हफ्ता ऐसा नहीं जाता जब सीमा पार से देश में घुसपैठ और आतंकवादियों से सुरक्षाबलों की मुठभेड़ और सैनिकों के शहीद होने की खबरें ना आती हों। लाख कोशिशों के बाद भी घुसपैठ नहीं रोकी जा पा रही है। भारत संयुक्त राष्ट्र में भी इस बात को जोरदार ढंग से पेश कर चुका है कि उसका पड़ोसी देश आतंकी पाल रहा है, वहां उनके ट्रेनिंग सेंटर चल रहे हैं, मुंबई हमले के गुनहगार वहां खुलेआम घूम रहे हैं लेकिन फिर भी कोई फर्क नहीं पड़ रहा। पड़ोसी देश ‘उलटा चोर कोतवाल  को डांटे’  की तर्ज पर उलटे भारत को ही सवालों में घेर रहा है। वह अपने यहां कुछ हिस्सों में होनेवाली हिंसा के लिए भारत को ही दोषी ठहरा रहा है। यह दावा वह संयुक्त राष्ट्र में भी कर चुका है।
   अब टीवी चैनल ने खबर यह दिखायी कि भारत ने कोई नयी तकनीक विकसित की है जिसे वह एलओसी में तैनात करने जा रहा है। यह तकनीक ऐसी है जिसे रिमोट से कंट्रोल किया जा सकेगा और यह सीमा पार से घुसपैठ करनेवालों को अपनी विशेष प्रणाली से तुरत भांप लेगी। उनकी तस्वीर उसके पैनल में उभरेगी और इसके उपकरण स्वयं निशाना साध कर घुसपैठिए या उनके उपकरण नष्ट कर देगा। इसमें सैनिकों की भूमिका लगभग नगण्य होगी इस तरह से ऐसी घटनाओं में होने वाली सैनिकों की प्राण हानि से बचा सकेगा। मैंने तो संक्षेप में लिखा लेकिन टीवी चैनल ने पूरे विस्तार के साथ, ग्राफिक डिटेल से, विजुअल्स के साथ इस उपकरण को दिखाया। यह चैनल विश्व के अधिकांश भाग में देखा जाता है। टीवी चैनल वालों से पूछा जा सकता है कि इसे दिखा कर क्या दुश्मनों को आप यह संदेश नहीं दे रहे कि लो हमने बना लिया तुम्हारे लिए यमराज, हिम्मत है तो खोजो इसका जवाब। हमारे चैनल वालों और जिनने भी इस उपकरण का डिटेल आप तक पहुंचाया है उनसे विनम्र निवेदन है आप किसी मुगालते में ना रहें, इस तरह से अपने मुंह मियां मिट्ठू बनना और अपनी ताल ठोंकना देश के लिए घातक हो सकता है। मीडिया को कुछ तो संयम बरतना चाहिए। कम से कम जहां सवाल देश की रक्षा का है वहां तो कोई सीमारेखा खींचनी चाहिए।
  इसके साथ ही चैनल ने यह दिखाया कि किस तरह से एलओसी के पास लेजर की दीवारें लगायी गयी हैं और कैसे उनसे घुसपैठिए पकड़े जायेंगे। जाहिर है यह प्रोग्राम उस देश में जिसे आप डरा रहे हैं किसी न किसी ने जरूर देखा होगा। उन लोगों ने भी देखा हो सकता है जिनको आप इन दीवारों से डरा रहे हैं। जाहिर है उन लोगों ने आपके इस अभेद्य व्यूह को तोड़ने की तैयारियां शुरू कर दी होंगी। यह मत भूलिए कि तकनीक तक सिर्फ आपकी ही पहुंच नहीं है। आज इंटरनेट की मदद से घातक हथियार बनाने की तकनीक तक सबको उपलब्ध है। इसके अलावा जिसके पास पैसे हैं उनके लिए विश्व में कुछ भी नामुमकिन नहीं है। फिर कुछ देश तो ऐसे हैं जो हथियारों के व्यापारी हैं। उन्हें पैसे पाकर किसी को भी हथियार बेचने में संकोच नहीं होगा। आपने जो तकनीक दिखाय़ी आपके दुश्मन उसकी काट की तैयारी करने में लग जायेंगे। आखिर हम रक्षा संबंधी तैयारियों या प्रगति को गुप्त क्यों नहीं रख सकते। आप मत भूलिए ‘  बंद मुट्ठी लाख की खुल गयी तो खाक की’। आप से लोग तभी तक डरेंगे जब तक आप खामोश हैं। वे समझ नहीं पायेंगे कि आपके दिल में क्या पक या पल रहा है। आप ढोल की तरह बज गये तो समझिए आपने मात खायी। क्योंकि आपने तो अपना सब कुछ जाहिर कर दिया अब आपका प्रतिद्वंद्वी इतना भी बेवकूफ नहीं कि वह आपका जवाब ना तैयार कर सके। मानाकि  मीडिया, प्रेस और अभिव्यक्ति की आजादी गणतंत्र की पवित्र अवधारणा है लेकिन देशहित में अगर इसमें कुछ छिपाना जरूरी हो तो शायद यह अन्याय नहीं बल्कि एक जिम्मेदारी और परम कर्तव्य होना चाहिए। सब कुछ दिखाना नहीं, देशहित में जरूरी हो तो छिपाना सीखिए।

Wednesday, November 13, 2013

जनाब! जबान संभाल के



कम से कम नारी का अपमान तो मत कीजिए
राजेश त्रिपाठी

 हम अकसर ये बातें करते हैं कि व्यक्ति को संस्कारी होना चाहिए। अपनी वाणी और कार्यों पर नियंत्रण रखना चाहिए। व्यक्ति की सुलझी, सुसंस्कृत और सार्थक वाणी ही उसे सम्मान दिला सकती है और अनर्गल, उच्छृंखल या अमर्यादित वाणी उसे लोगों की निंदा, भर्त्सना और कोप का भाजन बना सकती है। अभी हाल ही एक संस्था के सर्वोच्च पद पर आसीन जनाब ने महिलाओं के बारे में अमर्यादित बोल बोल डाले। हालांकि बाद में उन्होंने इसके लिए माफी मांग ली लेकिन इसका जो असर होना था, वह तो हुआ ही। ये जनाब बात तो खेल पर होने वाली सट्टेबाजी की कर रहे थे लेकिन अचानक विषयांतर कर बैठे और अप्रासंगिक ढंग से उदाहरण दे बैठे कि अगर आप बलात्कार को रोक नहीं सकतीं तो बेहतर है उसका आनंद लें। यह बात कितनी क्रूर और महिलाओं के प्रति कितनी अपमानजनक और अमानवीय है यह कहने की जरूरत नहीं। जिसमें भी सामान्य बुद्धि है, महिलाओं के प्रति हृदय में आदर है वह समझ सकते हैं कि यह कितना बड़ा अनर्थ इन जनाब ने कर डाला है। गली का कोई शोहदा या अपराधी किस्म का आदमी ऐसा कहे तो लोग सोच सकते हैं कि चलो इस आदमी का सोच ही इतना गंदा है लेकिन एक समझादार और बड़े ओहदे वाले व्यक्ति के मुंह से ऐसे अनर्गल और अनावश्यक शब्द शोभा नहीं देते और तमाम तरह के सवाल खड़े करते हैं। सवाल खड़े भी हुए हैं और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष ममता शर्मा ने तो इन जनाब का इस्तीफा तक मांग लिया है। ममता शर्मा जी का कहना है कि उनकी माफी से काम नहीं चलेगा, उन्हें इस्तीफा देना ही होगा।
      जिस देश ने निर्भया पर हुए अमानविक अत्याचार का दंश झेला, जिससे सारा देश आक्रोशित हो उठा और नारी की सुरक्षा-सम्मान पर सवाल उठे वहां कम से कम लोगों को नारियों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। उनका सम्मान न कर सकें तो उनके लिए अनर्गल शब्द तो न कहें पता नहीं आपको इससे कुछ फर्क न पड़ा हो लेकिन जिनके दिल में देश की मां-बहनों के प्रति आदर है उन्हें आपके ये बोल शूल से चुभे होंगे। आप खुद ठंडे दिमाग से सोचिए जो शब्द आपने कहे उनकी कोई जरूरत ही नहीं थी। आप बात तो खेलपर सट्टा की कर रहे थे तो विदेश का हवाला दे सकते थे जहां कई जगह इसे वैध कर दिया गया है। यहां नारी से बलात्कार जैसे संवेदनशील मुद्दे पर बेतुकी बातें कहने की क्या जरूरत थी। मानाकि आपकी जबान फिसल गयी लेकिन वह इस तरह क्यों फिसली कि जुल्म ढा गयी, मां-बहनों पर गाली की तरह लगी। आपने सुना होगा कि लोगों की वाणी ही उनके मन का दर्पण होती है। आप कैसा बोलते हैं इससे आपके चरित्र, व्यवहार का पता चलता है।
      यह भी मत भूलिए कि प्रत्यंचा से निकला तीर और मुंह से बोले बोल वापस नहीं आते इसलिए बोलने से पहले सौ बार सोचिए कि जो बोलने जा रहे हैं उसका असर सुननेवालों पर क्या पड़ेगा। वाणी ही ऐसी है जो किसी को सम्मान दिला सकती है और किसी की बेइज्जती भी करा सकती है। ऐसे में सावधानी अपेक्षित है। सावधानी हटी और वह दुर्घटना घटी जो आपके साथ घट गयी है। अच्छा हुआ कि आपने आनन-फानन माफी मांग ली लेकिन लोगों का क्या कहें कि आपकी माफी भी उन्हें काफी नहीं लगती। महिला संगठनों के अलावा राजनीतिक दलों व कई सामाजिक संगठनों ने आपकी इस बयान के लिए भर्त्सना शुरू कर दी है। अब कभी बोलें तो सोच-समझ कर क्योंकि समाज हाल की कुछ घटनाओं के बाद महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति काफी सचेत और संवेदनशील हो गया है।
      वाणी ही ऐसी है जिसके बारे में कहा गया है कि यही व्यक्ति का सच्चा श्रृंगार होती है। कहा भी है-वाण्येकः समलंकरोति पुरुषम् न हारा चंद्रोज्वला, क्षीयंते खल भूषणादि सकलम् वाक् भूषणम् भूषणम्। अर्थात एकमात्र वाणी ही है जो व्यक्ति को भूषित करती है चंद्रमा के समान उज्ज्वल हार नहीं क्योंकि जगत के जितने आभूषण हैं वह नाशवान हैं लेकिन वाणी का आभूषण ही सच्चा आभूषण है। इसलिए यह जरूरी है कि वाणी का संतुलित, संयमित और मर्यादित प्रयोग किया जाये। कबीरदास ने भी कहा है-ऐसी वाणी बोलिए, मन का आपा खोय, औरन को शीतल करे आपहुं शीतल होय़। बड़े, पढ़े-लिखे और सर्वोच्च पदों पर बैठे लोगों से लोग यह उम्मीद करते हैं कि उनके मुंह से जो बोल निकलेंगे वह आदर्श और कल्याणकारी होंगे लेकिन इन जनाब की तो जबान ऐसी फिसली कि गंदगी उगल गयी। ऐसे बयान महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों को और बढ़ावा ही देंगे। जिस समाज का सोच इतना गंदा होगा उसका तो भगवान ही मालिक है।
      सभी आशा करते हैं कि समाज संस्कारवान हो, संवेदनशील हो और उसके कार्य, उसकी वाणी आदर्श बने। भारत वैसे भी अपने आदर्श और ज्ञान के लिए विश्व में समादृत होता रहा है लेकिन पिछले कुछ अरसे से यहां अनाचार, अत्याचार और दुराचार की बाढ़-सी आ गयी है। महिलाओं पर तो अत्याचार और जुल्म की कभी न रुकनेवाली झड़ी लग गयी है। कभी भारत का आदर्श वाक्य था-यत्र नार्यास्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता और आज नारियों को समुचित सम्मान देना तो दूर रहा उन पर जुल्म पर जुल्म ढाये जा रहे हैं। अब वक्त आ गया है कि ये हालात बदलें और नारियों को समुचित सम्मान मिले। 
इस आधी आबादी को भी उसका अधिकार और सम्मान मिले। महिलाओं का असम्मान जिस देश में होता है, उसका कल्याण हो ही नहीं सकता।
      राजनीतिक दलों के नेताओं की वाणी का अनियंत्रित और उच्छृंखल होना आजकल आम बात है। उनकी अपनी मजबूरियां हैं क्योंकि आजकल चुनाव और अपनी गद्दी बचाना पहले जैसा आसान नहीं रहा। पहले चुनाव चुनाव हुआ करते थे गणतंत्र के पावन पर्व जैसे लेकिन अब ये युद्ध हो गये हैं। इनमें नेता एक-दूसरे के खिलाफ वाणी के बाण तो छोड़ते ही हैं और ऐसा करने में अपनी मर्यादा तक भूल जाते हैं। उन्हें लगता है कि वे जितना आक्रामक होंगे उतने ही प्रभावी होंगे लेकिन सच्चाई यह है कि सफल वही होता है जिसने कुछ किया होता है या जिसमें बौद्धिक, नैतिक और विचार शक्ति होती है। वक्त आ गया है कि समाज ऐसे लोगों के प्रति सचेत हो जिनका न वाणी में नियंत्रण होता है न विचारों पर। ऐसे लोगों का कुछ ठीक नहीं कब क्या कह डालें या कर जायें। समाज के लिए इनके विचार कल्याणकारी तो नहीं होते और चाहे कुछ भी हों।

Wednesday, January 12, 2011

‘दिग्गी राजा’ जबान संभाल के !
दुश्मन देश के खिलाफ इस्तेमाल कर सकते हैं आपका गैरजिम्मेदाराना बयान
-राजेश त्रिपाठी
एक राजा का 2 जी स्पेक्ट्रम घोटाला कांग्रेस की नाक में दम किये ही हुए था कि एक दूसरे राजा ने उसकी मुसीबत और बढ़ा दी। ये हैं ‘दिग्गी राजा’ के नाम से पहचाने जाने वाले कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह। ‘दिग्गी राजा’ ने हाल ही एक बयान देकर न सिर्फ अपने दल कांग्रेस को विवादों के एक और दलदल में धकेल दिया है, बल्कि यह कहें कि देश को ही एक अजीब उलझन और मुश्किल में ला खड़ा किया है। 26-11-2008 का मुंबई हमला शायद अब तक का देश पर हुआ सबसे बड़ा आतंकवादी हमला है, जिसमें  पड़ोसी देश पाकिस्तान का हाथ ही नहीं पूरा शरीर और दिमाग होने की बात साबित हो चुकी है। उसके नागरिकों के शामिल होने के पक्के सबूत तक मिल गये हैं। वहां के एक नागरिक अजमल कसाब के हाथों एटीएस चीफ हेमंत करकरे के मारे जाने के भी सबूत मिल चुके हैं और उसी के चलते कसाब जेल में है और उसको सुरक्षित सेल में रखने पर देश का करोड़ों रुपया जाया हो रहा है।     अब ‘दिग्गी राजा’ ने शायद अपने दल को राजनीतिक फायदा दिलाने के लिए एक नया शिगूफा छोड़ा है कि हेमंत करकरे ने मृत्यु से कुछ घंटे पहले उनसे कहा था कि हिंदू उग्रवादियों से उन्हें अपनी जान का खतरा है। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में ‘दिग्गी राजा’ ने यह बयान देकर सनसनी फैलाने की कोशिश की जिसने तमाम विवादों और संसद के गतिरोध से पस्तहाल कांग्रेस की दिक्कतें और बढ़ा दीं। कांग्रेस को पता था कि अपने एक जिम्मेदार नेता के गैरजिम्मेदाराना बयान पर अगर वह खामोश रही तो विपक्ष को उस पर पलट वार करने का और मौका मिल जायेगा। यही वजह है कि कांग्रेस के एक और महासचिव जनार्दन द्विवेदी तुरत यह बयान देने को मजबूर हो गये कि दिग्विजय के इस बयान से पार्टी का कुछ लेना-देना नहीं है। यह उनका व्यक्तिगत बयान है।  इससे पार्टी का सहमत या असहमत होने का सवाल ही नहीं उठता क्योंकि यह दो व्यक्तियों के बीच की बात है जिनमें से एक हेमंत करकरे आज जीवित नहीं है। इस में पार्टी की कोई भूमिका नहीं। इस बयान पर टिप्पणी सिर्फ दिग्विजय ही कर सकते हैं।
      एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की शहादत पर सियासत की इस कोशिश को दिवंगत हेमंत करकरे की पत्नी कविता करकरे ने ‘दिग्गी राजा’ को आड़े हाथों लिया है और कहा है कि वे उनके पति की शहादत को लेकर वोट की राजनीति न करें।
      ‘दिग्गी राजा’ ने अपने बयान को और विस्तार देते हुए यह भी जोड़ा है कि दिवंगत हेमंत करकरे ने उनसे कहा था कि उन्हें धमकी भरे पत्र आ रहे हैं और उन्हें हिंदू उग्रवादी संगठनों से खतरा है जो मालेगांव विस्फोट में उनकी जांच के विरोधी हैं।
      दिग्विजय के इस बयान पर कविता करकरे ने कहा है कि उनके दिवंगत पति और दिग्विजय सिंह के साथ कोई बात नहीं हुई। जहां तक धमकियों का सवाल है तो मालेगांव जांच के वक्त जिस तरह से हिंदू संगठनों की ओर से प्रतिक्रियाएं आयी थीं , उसी तरह से मुसलिम आरोपियों की जांच के वक्त उस समुदाय की प्रतिक्रियाएं भी आयी थीं जो स्वाभाविक है।
      कविता ने कहा कि यह इशारा करना गलत होगा कि मुंबई हमले के पीछे हिंदू संगठनों का हाथ है। इससे लोग गुमराह होंगे और इसका सीधा फायदा पाकिस्तान को मिलेगा। राजनीतिक फायदे के लिए मेरे पति की शहादत का मजाक न उड़ाया जाये।
      ‘दिग्गी राजा’ आप जैसे वरिष्ठ, तपे-तपाये, समझदार राजनेता से इस तरह के शिगूफेनुमा बयान की उम्मीद नहीं थी। आपका क्या आपने उठायी जुबान और धर दी और उस धरने से कुछ विस्फोटक शब्द बाहर आये जिनसे पूरा देश भौंचक है। शायद हर देशभक्त जुबान पर यह सवाल है- यह आपने क्या कह डाला ‘दिग्गी राजा’?  आप जानते हैं इस बयान के मायने? आपके इस बयान ने 26-11-2008 के मुंबई हमलों की हकीकत को बदलने का अक्षम्य गुनाह किया है। आपकी इस थ्योरी को पाकिस्तान भारत के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता है। पाकिस्तान जो मुंबई हमलों में अपने नागरिकों के शामिल होने की बात तब तक पुरजोर तरीके से नकारता रहा है जब तक अमरीका ने उसे इस बात के लिए बाध्य नहीं किया कि वह यह माने की उसके नागरिक मुंबई के आतंकवादी हमले में शामिल थे। हालांकि इससे पहले भी पाकिस्तान को भारत ने सारे सबूत इन हमलों के सौंप दिये थे कि किस तरह से पाकिस्तान में बैठे मुंबई हमले के मास्टर माइंड पल-पल सैटेलाइट फोन से हमलावर आतंकवादियों को निर्देश दे रहे थे। अमरीका के अपने नागरिक इन हमलों में मारे गये थे इसलिए उसने इसमें दिलचस्पी ली और पाकिस्तान को भी घेरा। यह भारत का सौभाग्य है कि मुंबई में आतंकवादी हमले में शामिल अजमल कसाब को जिंदा पकड़ा जा सका वरना पाकिस्तान इन हमलों में अपने नागरिकों के शामिल होने की बात कताई नहीं मानता।
      दिग्विजय सिंह जी माफ कीजिएगा पता नहीं क्यों आज के नेताओं में नैतिकता या गंभीरता नाम की कोई चीज रही ही नहीं। आप लोग आजकल वोट की राजनीति के लिए और सुर्खियों में रहने के लिए कुछ भी कर या कह सकते हैं फिर इससे भले ही आपका वह देश ही दांव पर क्यों न लग जाये जहां आपकी अपनी राजनीतिक बिसात बिछी है। आपके बयान के बाद पूरे देश में जिस तरह से आपकी आलोचना हो रही है, श्रीमती करकरे ने जिस तरह से आपके बयान को कोरी बकबास और राजनीतिक लाभ के लिए दिया गया बयान बताया है, उसमें आश्चर्य नहीं कि आप कल कह दें कि आपके बयान को तो़ड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। यह आज के नेताओं का शगल हो गया है कि पहले भड़काऊ या ऊल-जलूल बयान देते हैं और फिर दूसरे दिन उससे मुकर जाते हैं। तमाम तरह की सफाई देते हैं कि उनके शब्दों का गलत अर्थ लगाया गया। आज तो इलेक्ट्रानिक मीडिया के चलते बाकायदा आडियो-वीडियो बाइट्स ली जा रही हैं ऐसे में बयानों से कन्नी काटना मुश्किल हो गया है फिर भी राजनेता यह हथकंडा भी अपनाते हैं।
      ‘दिग्गी राजा’ जब आपने जोश में आकर इतना बड़ा शिगूफा छोड़ा होगा तो आपको एहसास हुआ होगा कि आप कोई बड़ा तीर मारने जा रहे हैं लेकिन माफ कीजिएगा आपने देश की मुसीबतें और बढ़ा दी हैं। पाकिस्तान जो भारत को मानवाधिकार लंघन, मुसलिमों पर ज्यादती और न जाने कितने तरह के अपराधों के आरोपों को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अक्सर घेरता रहा है वह आपके बयान का इस्तेमाल अपने पक्ष में कर सकता है। आपके बयान ने तो मुंबई आतंकी हमले की थ्योरी और पृष्ठभूमि को भी शक के दायरे में ला खड़ा किया है। ताज्जुब नहीं कि कल को पाकिस्तान आपके इस ऊल-जलूल बयान की बांह थाम यह दावा करने लगे कि उसके मुंबई हमले में शामिल बताये जा रहे  नागरिक (यहां तक कि कसाब भी ) निर्दोष हैं और यह सारा कुछ तो हिंदुस्तानी हिंदू उग्रवादियों का किया-धरा है। वह दावा कर सकता है कि एक जिम्मेदार हिंदुस्तानी कांग्रेसी नेता का बयान इसका सबूत है। ‘दिग्गी राजा’ क्या आपने कभी अपने बयान की इस परिणति के बारे में सोचा है?
      आपके बयान से एक नहीं अनेक सवाल उठते हैं। पहली बात तो यह कि आप कैसे प्रमाणित करेंगे कि दिवंगत करकरे ने मरने से पहले आपसे यह बातें की हैं। यह याद रखिएगा कि उनकी पत्नी कविता करकरे ऐसी किसी भी बात से साफ इनकार कर रही हैं। दूसरी बात यह कि अगर  किसी जिम्मेदार पुलिस अधिकारी ने आपसे यह कहा था कि हिंदू उग्रवादियों से उसकी जान को खतरा है तो फिर खामोश क्यों रहे। आपने उनकी यह आशंका उन जिम्मेदार मंत्रियों या नेताओं तक क्यों नहीं पहुंचायी जो उन्हें सुरक्षा प्रदान कर सकते थे? एक बात और आप इतने दिनों तक इतनी महत्वपूर्ण सूचना क्यों छिपाये रहे, अचानक आपके ज्ञानचक्षु क्यों खुल गये, इसके पीछे क्या है ‘दिग्गी राजा’? क्या किसी ने आपको ऐसा बयान देने को मजबूर किया? क्या आपको भी किसी का खौफ है? आप यह भी बताने की कृपा करें की अगर आपके बयान को सच भी मान लिया जाये कि ऐसा आपसे दिवंगत करकरे ने कहा होगा तब भी तर्क की कसौटी पर ये बातें कहीं से खरी नहीं उतरतीं। क्योंकि न तो आप उस समय गृहमंत्री थे और न ही ऐसे किसी पद पर थे कि आपसे कह कर करकरे कोई मदद पा सकते थे। उन्हें अगर कोई डर था तो वह सीधे गृह मंत्रालय या किसी और जिम्मेदार मंत्री या सत्ता के किसी व्यक्ति से संपर्क कर सकते थे। आपसे तो कुछ भी नहीं बन सका। अगर आपके पास इतनी महत्वपूर्ण सूचना थी तो फिर आप इसे छिपाये क्यों रहे? क्या मजबूरी थी?
      ‘दिग्गी राजा’ किसी भी राजनीतिक पद या स्वार्थ से देश बड़ा होता है। पहले देश की सोचिए फिर किसी और बात की। कारण अगर देश ही संकट में घिर जायेगा तो फिर कहां बिछेगी आपकी राजनीतिक बिसात? ईश्वर करे देश सही-सलामत रहे और दुश्मन आपके बयान को अपने हित में इस्तेमाल करने में कामयाब न हों। क्योंकि ऐसा हुआ तो सबसे पहली उंगली आपकी ओर ही उठेगी, कारण आपने शांत तालाब में पत्थर फेंक कर एक बेवक्त, वेवजह हलचल जो पैदा कर दी है। हलचल जो देश के किसी भी तरह हित में नहीं है और न ही यह आपके दल या आपके खुद के ही हित में है।      आपके पहले अपने एक नेता के मुंबई हमलों से संबंधित बयान से कांग्रेस को पल्ला झाड़ना पड़ा था। यह  बड़ा आसान काम है कि नेता गैरजिम्मेदाराना बयान दे और पार्टी उससे पल्ला झाड़ ले, कन्नी काट ले। आखिर उस नेता से यह क्यों नहीं पूछा जाता कि कार्यक्रम सार्वजनिक था तो फिर वहां राजनीतिक बयानबाजी क्यों की गयी? जो बयान दिया गया उसकी गंभीरता को क्यों नहीं समझा गया? ऐसे तमाम सवाल हैं जिनसे न सिर्फ ‘दिग्गी राजा’ बल्कि उनकी पार्टी भी इन दिनों घिर गयी है। 2 जी स्पेक्ट्रम में सरकार को बुरी तरह से घेरे विपक्ष को एक और ब्रहमास्त्र दिग्गी राजा ने दे दिया है जो जाहिर है उनके दल पर ही चलाया जायेगा। अब देखना है कि इस नयी मुसीबत से कांग्रेस कैसे उबरती है। ‘दिग्गी राजा’ ने अगर ऐसा बयान दिया है तो यह किसी भी तरह से प्रशंसा के काबिल नहीं है क्योंकि यह एक बहुत ही बड़ी त्रासदी पर भोंडा मजाक है। ‘दिग्गी राजा’ अगर अपने इस बयान के प्रति गंभीर हैं तो उन्हें इसके प्रमाण देने चाहिए या फिर शहादत पर सियासत करने की गलती पर शर्मशार होना चाहिए।

Saturday, July 17, 2010

पाक ने फिर दिखाया असली रंग, वार्ता बेनतीजा भंग


-राजेश त्रिपाठी

भारत-पाक के बीच शांति वार्ता के दूसरे सारे प्रयासों की तरह भारत की पाकिस्तान के साथ कम से कम बातचीत के स्तर पर रिश्ते कायम करने की ताजा कोशिश भी नाकाम रही। पाकिस्तान ने एक बार फिर पैंतरा बदला। इतना ही नहीं हमारे विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा को को वहां के विदेश मंत्री महमूद शाह कुरेशी ने घेरने की कोशिश की। उन्होंने यहां तक कह डाला कि भारत दिमागी तौर पर इस वार्ता के लिए तैयार ही नहीं था। उनका दावा है कि पाकिस्तान तो निर्णायक और नतीजा निकलनेवाली बात के लिए तैयार था लेकिन भारत की ऐसी मंशा नहीं थी। उन्हें यह आरोप लगाने में भी संकोच या हिचक नहीं हुई कि भारतीय प्रतिनिधिमंडल तो वार्ता के लिए पूरी तरह से अधिकृत ही नहीं था। कृष्णा तो बराबर दिल्ली से फोन पर हिदायतें ले रहे थे। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने वार्ता के दौरान लचीला रुख नहीं अपनाया और एक ही बात पर अड़ा रहा। हम अगर सिर्फ एक ही मुद्दे आतंकवाद पर अड़े रहे तो फिर बातचीत में आगे बढ़ना मुश्किल हो जायेगा।
इसके जवाब में हमारे विदेश मंत्री ने कहा कि उन्हें वार्ता के लिए दिल्ली से पूरे अधिकार प्राप्त थे। उनके ही मुताबिक सभी प्रमुख मुद्दों पर हमने चर्चा की। उन्होंने सफाई भी दी है कि वार्ता के दौरान उन्होंने ने न दिल्ली फोन किया और न ही किसी से हिदायत ही ली। जहां तक कुरैशी की बा तों का सवाल है कृष्णा का कहना है कि वे उनकी कही बातों के विवाद में नहीं पड़ना चाहते। कृष्णा मानते हैं कि वार्ता में प्रगृति हुई है साथ ही यह भी जोड़ते हैं कि आंतकवाद के मुद्दे पर सार्थक और परिणाम वाली बातचीत के बिना कोई भी वार्ता बेकार और निष्फल है।
हमारे विदेश मंत्री एस.एम. कृष्णा और भारत की वर्तमान सरकार चाहे कितनी भी खुशफहमी पाले, जितने भी दिवास्वप्न देखे, वार्ता की अपनी उपलब्धियों को हिमालयी सफलता बताये पर सच यह है कि भारत को इस बार फिर पाकिस्तान के हाथों नीचा देखना पड़ा है। हम वार्ता को जिस मुकाम तक पहुंचाना चाहते हैं वहां पहुंचना तो दूर हम कोसों पीछे चले गये हैं। हालत बद से बदतर की ओर जा रहे हैं। पता नहीं हमें पाकिस्तान से वार्ता की इतनी जल्दी और मजबूरी क्यों है कि हम बार-बार उसके हाथों जलील हो रहे हैं। आखिर हम किस दबाव में आकर अपनी और देश की बेइज्जती कराने पाकिस्तान जा पहुंचते हैं हाथ जोड़ हुए कि लो आका मेहरबानी करके हमसे बात कर लो क्योंकि आपसे बात किये बगैर हम बेचैन हो रहे हैं। देश और देश की जनता का यह अपमान किसके सिर जायेगा कृपया दिल्ली और देश की सत्ता और भविष्य के नियंता यह स्पष्ट करने का कष्ट करेंगे। पाकिस्तान का अपने जन्म से लेकर अब तक का भारत से व्यवहार शठता और शरारत का रहा है। वह हमेशा भारत को तबाह व बरबाद करने की साजिश रचता रहा है। यह भारत के अपने बीर बांकुरों, हमारे सेना के जवानों का पराक्रम है कि हम सुरक्षित हैं वरना हम पर न जाने कितने और कैसे-कैसे युद्ध थोपे गये और हम उनसे शांति की उम्मीद लगाये बैठे हैं। वाकई कभी-कभी तो अपने देश की सत्ता के नियंताओं की बुद्धि पर तरस आता है। पाकिस्तान से वार्ता क्यों जरूरी है? इसकी पहल भारत ही क्यों करे? क्या इसलिए कि इससे पाक प्रयोजित आतंकवाद रुक जायेगा? अगर ऐसा है तो अब तक की वार्ताओं के बावजूद आतंकवाद निरंतर बढ़ता क्यों गया? हम न जाने क्यों पाक से वह उम्मीद कर बैठे हैं जो उसकी नीयत और आदत में ही नहीं है। वह तो भारत का हमेशा विरोध करता रहा है। शठ से शठता से निपटा जा सकता है विनय से नहीं। हमारी विनय को वह कमजोरी समझेगा जैसा पाकिस्तान समझता रहा है। पता नहीं हमारे शासक इसे कब समझेंगे या समझ कर भी अपना अपमान कराना उनकी नियति बन गयी है।
अब विपक्ष भी यह सवाल उठाने लगा है कि पता नहीं दिल्ली किस दबाव में पाकिस्तान से उस वक्त भी वार्ता करने को तैयार है जब पाकिस्तान अपने यहां से प्रायोजित मुंबई के 26/11 के हमलों के दोषियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं करना चाहता।इस हमले को दोषी वहां खुलेआम घूम रहे हैं और भारत के खिलाफ विष उगल रहे हैं। उससे युद्ध लड़ने के लिए हुंकार रहे हैं। विपक्ष का स्प्ष्ट संकेत है कि देश पाकिस्तान से वार्ता की पहल अमरीकी दबाव में कर रहा है। शायद पाक पर भी ऐसा ही दबाव हो क्योंकि दिल से वह कभी भी भारत से वार्ता के लिए न तैयार था न होगा। जहां तक अमरीका का अपना सवाल है तो भारत-पाक के बीच वार्ता कराने में उसका अपना हित और स्वार्थ है। वह दोनों के बीच स्कूल के हेडमास्टर की तरह की भूमिका निभा रहा है। बीच-बीच में भारत-पाक दोनों को हिदायत देता है- अच्छे बच्चे झगड़ते नहीं,तनाव मत बढ़ाओ, आपसे में बातचीत करो। और एशिया के ये दोनों बच्चे अपने पश्चिमी आका की बात मान न चाहते हुए भी वार्ता के टेबुल पर बैठने को मजबूर हो जाते हैं। जाहिर है जब आप दिल और दिमाग से किसी चीज के लिए तैयार नहीं हों तो उस काम का कोई नतीजा नहीं निकलेगा। और इस बार भी भारत-पाक वार्ता में वही हुआ। प्रगति तो दूर हालात पहले से भी बदतर हो गये। यहां तक कि हमारे विदेश मंत्री की काबिलियत पर भी पाक विदेश मंत्री ने सवाल उठा दिये। उनके इस आरोप पर पाकिस्तान के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री का कोई खंडन या सफाई अब तक नहीं आयी यानी उनका कथन व्यक्तिगत नहीं पाक सरकार का मत है।
जहां तक अमरीका की बात है तो वह इस क्षेत्र में किसी भी तरह की अशांति या तनाव नहीं चाहता। अफगानिस्तान से तालिबान को अपदस्थ करने के लिए उसने जो टांग इस एशियाई क्षेत्र में अड़ाई थी वह आज भी बुरी तरह फंसी हुई है। उसकी और सहयोगी देशों की सेनाएं आज भी पाक-अफगान सीमा में डटी या कहें फंसी हुई हैं।इस क्षेत्र में भारत-पाक के बीच किसी भी तरह का तनाव उसे अपने हितों के प्रति सशंकित कर देता है। उसके इस भय को भारत-पाक के बीच शांति स्थापित करने की सदिच्छा के रूप में देखने का भ्रम नहीं पालना चाहिए। जैसा हम करते आये हैं। वैसे भी अमरीका क्या कितनी बड़ी शक्ति भी क्यों न उतर आये, भारत-पाक के दिलों में पड़ी दरार को पाटना मुश्किल ही नहीं अब तो नामुमकिन भी लगने लगा है। इसकी वजह है पाकिस्तान का अडियल रवैया, उसका मुसलसल भारत विरोधी रुख और हर वार्ता से पहले भारत पर मानसिक दबाव डालने के लिए कश्मीर का राग अलाप देना। उसके बाद वार्ता पर हमेशा कश्मीर मुद्दे की प्रेतछाया मंडराती रहती है और अंत वही ढाक के तीन पात। जहां तक कश्मीर का प्रश्न है वह भारत का अभिन्न अंग है, जाहिर है किसी और से पहले उसके अच्छे-बुरे की चिंता भारत का अपना दायित्व है जिसके लिए वह वचनबद्ध है।
अगर पाक को कश्मीर का दर्द सालता है तो फिर भारत को भी यह कहने का हक है कि पाकिस्तान में हिंदू-सिख सुरक्षित नहीं हैं। हाल में वहां से हिंदुओं और सिखों का पलायन इस बात का गवाह है। पाकिस्तान गाहे-बगाहे भारत की अनिच्छा और एतराज के बावजूद कश्मीर का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय मंचों में उठा कर भारत को कूटनीतिक तौर पर घेरने की कोशिश करता रहा है।हमारा तंत्र उसके इस अनैतिक और अनावश्यक हमले का माकूल कूटनीतिक जवाब देने में भी अक्सर नाकाम रहा है। इस तरह पाक के हाथों हम विश्व राजनीति के मंच पर जलील और नंगे होते रहे हैं। क्या ऐसी बेइज्जती झेलने को भारत अभिशप्त है या उसे ऐसी आदत पड़ गयी है। अगर इस तरह की बेइज्जती झेलना हमारी आदत में शुमार हो चुका है तो फिर इससे पार पाने के लिए किसी दृढ़ इच्छा शक्तिवाले नेतृत्व की देश को जरूरत है। ऐसे में इंदिरा गांधी जैसे अटल और अदम्य इच्छाशक्ति के नेतृत्व की प्रासंगिकता और आवश्यकता एक बार फिर अनिवार्य लगती है। पाक की बर्बरता का जवाब देने के लिए उनका आगे आना और एशिया में एक नये देश बंगलादेश को जन्म देने का ऐतिहासिक, दुस्साहसिक प्रयास अटल इरादे, अदम्य साहस और दृढ़ इच्छाशक्ति का ही परिचायक है। विश्व रंगमंच पर पाक द्वारा भारत पर किये जा रहे धूर्तता से परे जबानी हमलों के से निपटने के लिए हमें भी वैसा ही रवैया अपनाना चाहिए।
हम महान हैं कि पाकिस्तान की बदनीयती उसकी अहमकाना हरकतों को दोस्ती मान बैठे हैं। उसकी दुश्मनी के बीच हम दोस्ती की राह तलाशने की कोशिश वर्षों से करते आ रहे हैं बदले में हम पर कभी प्रत्यक्ष, कभी अप्रत्यक्ष और कभी छाया युद्ध हम पर थोपा जा रहा है। शांति के हमारे हर प्रयास को परिणाम तक पहुंचने से पहले बेरहमी से कुचल दिया जाता है। कभी आतंकियों की ओर से तो कभी खुद पाकिस्तानी हुक्मरानों की ओर से। इस बार भी जब कृष्णा पाक में शांति वार्ता कर रहे थे, पाक सेना एलओसी पर युद्ध विराम का उल्लंघन कर भारतीय सीमा पर गोलीबारी कर रही थी। क्या इसके बाद भी पाक के इरादों पर कोई शक रह जाता है। सच तो यह है कि पाक कभी भी , किसी भी तरह से भारत से शांति वार्ता के लिए दिल से तैयार ही नहीं था। ये हम हैं कि शांतिदूत बन उससे शांति चाह रहे हैं जिसका जन्म ही भारत विरोध पर हुआ है। यह तो पत्थर पर दूब उगाने जैसे कुफल प्रचेष्टा है। ऐसी कोशिशें हमें सिर्फ और सिर्फ निराशा और कुंठा की अंधी सुरंग की ओर ही धकेलेंगी।
वक्त गवाह है पाक के निर्माण से आज तक हमने जब-जब उसकी ओर दोस्ती का हाथ बढ़ाया, उसे बेरहमी से मरोड़ दिया गया। चाहे पूर्व प्रधानमंत्री की पाक की शांति-सद्भावना यात्रा हो या आगरा की शिखर वार्ता हर बार भारत को नीचा देखना पड़ा। उसे प्रत्यक्ष या परोक्ष युद्ध या फिर छायायुद्ध झेलना पड़ा। दरअसल पाकिस्तान में कोई भी नेतृत्व आये भारत के प्रति नफरत वह विरासत में लिये आता है और उसी के बल पर अपनी राजनीतिक बिसात बिछा अपनी चालें चलता है। चालें जो हमेशा भारत के खिलाफ होती हैं। कभी हम पर कारगिर थोपा जाता है तो कभी आईएसआई समर्थित आतंकवादी मुंबई में 26/11 का नरसंहार कर डालते हैं। पाक इस हमले से जुड़ाव के बारे में चाहे जितनी सफाई दे जिहादी डेविड हेडली के ताजा बयानों से यह स्पष्ट हो गया है कि मुंबई में आतंकवादी हमलों में आईएसआई का हाथ ही नहीं उसका पूरा शरीर और सबसे ज्यादा दिमाग भी शामिल था। कसाब एंड कंपनी ने मुंबई में मौत का जो नंगा नाच नाचा, उसके लिए सैटेलाइट फोन पर पाकिस्तान से पल-पल हिदायत मिल रही थी। इसके बावजूद पाकिस्तान अपने को पाक साफ , बेकसूर बता रहा है। लानत है हम पर कि हम उसी झूठे और मक्कार देश से बात करने के लिए मरे जा रहे हैं। मुंबई के 26/11

के हमलों के घाव अभी भी हरे हैं और हम उस देश से वार्ता के लिए आकुल-व्याकुल हैं जिसकी जमीन पर इस शर्मनाक नरसंहार की रूपरेखा तैयार की गयी और जहां से इस कुकृत्य के लिए धन रणनीतिक कौशल मुहैया कराया गया।वाकई इस मामले में हमारा देश विश्व के अन्य देशों से ‘महान’ है। इजराइल जैसे छोटे देश ने आतंकवाद को कुचल दिया और हम? हम अब तक आतंकवाद द्वारा सताये जा रहे हैं। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक, मेघालय से लेकर मुंबई तक, आसेतु हिमालय हम दिन ब दिन आतंकवाद की मार झेल रहे हैं। हजारों निर्दोष जानें इस आतंकवाद ने ले ली है और किसी ने किसी तरह से इसमें से अधिकांश घटनाओं के तार उस देश से जुड़ जाते हैं जिससे वार्ता करने की हमारी आतुरता कभी मरती नहीं। आखिर क्यों? क्यों सिर्फ हम दोस्ती का हाथ आगे बढ़ायें और हर बार मायूसी, बेचारगी और अपमान के शिकार हों? इस एशियाई अंचल में शांति की पहल और प्रयास (दिल और दिमाग से सिर्फ जबानी नहीं) पाकिस्तान के भी करनी चाहिए। भारत से दोस्ती उसके ज्यादा हित में है क्योंकि तब उसके साथ एक सशक्त-सक्षम पड़ोसी खड़ा होगा। वैसे इन दिनों उसकी चीन से गहरी पट रही है। चीन उसके यहां आणविक संयंत्र बैठाने में मदद की पेशकश कर चुका है। ऐसे में पाक का इतराना स्वाभाविक है। उसके साथ चीन जैसी महाशक्ति जो है जिसके खुद के रिश्ते भारत से कभी नेक नहीं रहे। एक ओर अमरीकी डालर की गरमी दूसरी और चीन की मदद।विश्व की दो बड़ी ताकतें उसके करीब हैं तो फिर वह भारत से दोस्ती की फिक्र क्यों करे। यह भारत है हमेशा न जाने किस दबाव में वार्ता करने चला जाता है और मुंह की खाकर वापस लौट आता है।
भारत-पाक के बीच अविश्वास और अनास्था के इस घटाटोप अंधेरे के बीच एक रोशनी की किरण भी है और वह यह है कि दोनों देशों की जनता के दिल मिले हैं और दिमाग नफरत से मुक्त हैं। वहां के कलाकार भारत आते हैं तो खूब सम्मान पाते हैं और अपने साथ अमन का संदेश लेकर आते हैं। यहां से उतना ही प्यार और खुलूस वापस लेकर लौटते हैं। काश! इन मेहमान कलाकारों की तरह की मंशा और मानस वहां के हुक्मरानों का भी हो जाये तो एशिया के इस अंचल में एक नया इतिहास रचा जायेगा। इतिहास शांति और सह अस्तित्व का , इतिहास प्रगति का। आमीन।

Tuesday, June 2, 2009

आस्ट्रेलिया में भारतीयों पर आफत क्यों?


आज आस्ट्रेलिया में भारतीयों और भारतीय छात्रों पर जो जुल्म हो रहा है वह किसी भी सभ्य समाज के लिए लज्जा और धिक्कार की बात है। जो शिक्षा प्राप्त करने गये हैं उन्हें आज नस्ली हिंसा का शिकार होना पड़ा रहा है। कुछ छात्रों को तो इस अंधी हिंसा में अपनी जान भी गंवानी पड़ी। छात्रों पर हो रहे जुल्म के खिलाफ आस्ट्रेलिया में रह रहे भारतीय छात्रों ने एक विशाल रैली की जिसमें तकरीबन 1 लाख लोग जुटे। इनमें अधिकांश भारतीय छात्र थे और संतोष व हर्ष का विषय है कि इसमें आम आस्ट्रेलियाई जनता भी भारतीय छात्रों के समर्थन में शामिल हुई। यही नहीं कहा तो यहां तक जाता है कि भारतीयों छात्रों के पक्ष में आस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन भी आ खड़ा हुआ है। यह संतोष की बात है कि आम आस्ट्रेलियाई भारतीय छात्रों के खिलाफ नहीं है लेकिन जो चंद लोग एक मुल्क को नस्लभेद की अंधेरी खाई में धकेल रहे हैं वे तो कलंक हैं। उनकी यह हरकत उनके अपने देश का सिर पूरे संसार में नीचा कर देगी। ऐसे में यह जरूरी है कि आस्ट्रेलियाई सरकार ऐसे तत्वों से सख्ती ने निपटे और भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करे ताकि वे निर्भय हो वहां रह और पढ़ या काम कर सकें। आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने हालांकि आश्वासन दिया है कि भारतीयों को सुरक्षा मिलेगी लेकिन सिर्फ कहने भर से तो कुछ होता नहीं। वहां उनके इस आश्वासन के बाद भी हमलों का सिलसिला रुक नहीं रहा। एक भारतीय टैक्सी ड्राइवर पर हमले के बाद आशीष सूद नामक एक छात्र को कुछ आस्ट्रेलियाई लोगों ने लोहे की छडों से मार कर घायल कर दिया। नफरत की यह आग जितना जल्द बुझ जाये अच्छा है वरना इससे दो देशो के बीच संबंधों में खटास आ सकती है जो शायद कोई नहीं चाहेगा।
छात्रों पर जोर जुल्म के इस दौर में आस्ट्रेलियाई पुलिस का जो रूप दिखा उसने यह साबित कर दिया कि पुलिस कहीं की हो उसका चरित्र एक होता है। जब मौका पड़े निहत्थों को जानवरों की तरह पीटो और घसीटो। आस्ट्रिलया में रैली कर रहे भारतीय छात्रों पर भी पुलिस दरिंदों की तरह टूट पड़ी और चीखते, रक्षा की गुहार करते छात्रों को बेरहमी से घसीटते हुए ले गयी। ये छात्र अपने ऊपर हो रहे जुल्म के खिलाफ आवाज उठा रहे थे शांतिपूर्ण ढंग से धरना दे रहे थे। इनके हाथों में थे तो तिरंगे झंडे कोई हथियार नहीं जो किसी सरकारी व्यक्ति या प्रतिष्टान को नुकसान पहुंचाते फिर इन पर ऐसा सुलूक क्यों किया गया जैसे ये आतंकवादी या दुर्दांत अपराधी हों। आस्ट्रेलिया सरकार को आज नहीं तो कल इसका जवाब देना होगा। वैसे आस्ट्रेलिया के लिए रंगभेद कोई नयी बात नहीं है। यह देश इसके लिए पहले भी कलंकित हो चुका है। कलंक का यह टीका इनके क्रिकेटरों मैथ्यू हेडन और एंड्रूय साइमंड ने लगाया था जब उन लोगों ने एक मैच के दौरान भारतीय खिलाड़ी हरभजन को यह कह कर कठघड़े में खड़ा कर दिया था कि उन्होंने इनके खिलाफ नस्लवादी टिप्पणी की है। उस वक्त हरभजन ने भी यह आरोप लगाया था कि इन दोनों खिलाड़ियों ने भी उन पर नस्लवादी टिप्पणी की। ऐसे में आस्ट्रेलिया के लिए तो उचित यही है कि वह विश्व के महान गणतंत्र भारत का आदर्श पथ अपनाये। वह भारत जहां दुनिया के हर वर्ग को स्वतंत्रता से रहने की आजादी है। यहां गैर मुल्कों के जो लोग वर्षों से रह रहे हैं उन्हें शायद ही कभी रंगभेद का शिकार होना पड़ा हो। वे तो यहां इस तरह घुलमिल गये हैं कि रंग की छोड़ से तो लगता ही नहीं कि भारत से अलग उनका कोई मुल्क रहा होगा। यही तो है भारत जिसका मूलमंत्र ही है -वसुधैव कुटंबकम् (यानी पूरा विश्व ही मेरा परिवार है)। जिस दिन यह भाव पूरे विश्व में अपना लिया जायेगा, मानवता का वह महान दिन होगा क्योंकि तब कहीं भी कोई भी किसी का पराया नहीं रह जायेगा। सीमाएं तो हमने बनायी हैं प्रकृति ने तो मानवता को अपनी विस्तृत गोद में स्वतंत्र स्वच्छंद छोड़ा था, उसने कालांतर में अपने लिए तरह-तरह के बंधन बना लिये। अपने को सीमाओं में बांध लिया। उसकी सीमा से परे लोग उसके लिए पराये या विदेशी हो गये वैसे कभी न सीमाएं थीं न दूरियां। सीमाएं धरती पर रहें लेकिन इनको दिलों पर नहीं खिंचना चाहिए। आस्ट्रेलिया में भारतीय छात्रों पर जो जुल्म हो रहा है उससे दिलों पर भी सीमाएं खिंच जाती हैं। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण यह है कि इन हमलों के बाद से वे भारतीय माता-पिता चिंतित और दुखी हो गये हैं जिनके बच्चे दूर आस्ट्रेलिया में पढ़ रहे हैं। कईयों ने तो अपने बच्चों को वापस बुलाने का फैसला तक कर लिया है। भविष्य में वहां अपनी संतानों को पढ़ने भेजने के पूर्व हर माता-पिता सौ बार सोचेंगे।
विदेश की शिक्षण संस्थाएं, वहां के विश्व विद्यालय भारत के बड़े-बड़े शहरों में एजुकेशन फेयर लगाते हैं और उनमें अपने यहां चलाये जा रहे पाठ्यक्रमों में भारतीय छात्रों का आकर्षित करने के लिए तरह-तरह के प्रलोभन देते हैं। इनकी लालच में भारतीय छात्र अपना देश छोड़ वहां पढ़ने जाते हैं और इस तरह रंगभेदी शोषण और जुल्म का शिकार होते हैं। इन देशों और शिक्षण संस्थाओं को शर्म आनी चाहिए कि ये जिन छात्रों को अतिथि के रूप में बुलाते हैं उन पर ऐसा अमानवीय जुल्म क्यों ढालते हैं। अगर किसी के पास वैध दस्तावेज हैं और वह शिक्षा या किसी विशेष उद्देश्य से किसी देश में है तो यह उस देश का दायित्व बनता है कि वह उसे नियमानुसार सुविधाएं और सुरक्षा दे। अगर वह इसमें असफल होता है तो निश्चित ही सवाल उस पर ही उठेंगे, कठघड़े में उसे ही खड़ा होना होगा। मैं नहीं समझता कि आस्ट्रेलिया खुद को इस तरह कलंकित करना चाहेगा। वहां के प्रशासकों के लिए वक्त है कि वे अपने देश के लुच्चों, लंपटों और गुंडों को संभाले , उन्हें छुट्टा घूमने और नंगे नाचने न दे, जो उनके लिए उचित जगह है वहां उन्हें पहुंचाये। और यह काम जितना जल्दी हो उतना ही अच्छा। कहीं बहुत देर हो गयी तो स्थिति हाथ से निकल सकती है। मेरी आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री से प्रार्थना है कि वे अपनी क्षमता का प्रयोग कर अपने देश में हो रही अनीति अत्याचार को रोकें। वैसे सुना यह गया है कि आस्ट्रेलियाई सरकार ने इस रंगभेदी हिंसा के लिए माफी मांगी है और वह इसे सख्ती से रोकने के लिए कोई कड़ा कानून बनाने पर भी विचार कर रही है। हम इसके लिए सरकार को साधुवाद देंगे, साधुवाद आस्ट्रेलिया की जनता को जो रंगभेद के दलदल से मुक्त और स्वच्छंद है। वहां की जनता भी इन अप्रिय घटनाओं के खिलाफ मुखर हुई है। विश्व के सभी ब्लागर भाइयों से अनुरोध है कि वे जिस भाषा में ब्लागिंग करते हैं उसमें भारतीयों पर हो रहे इस अत्याचार के खिलाफ आवाज बुलंद करें। आगे आयें आपके भाई संकट में हैं। आखिर विश्व के किसी कोने में क्यों न हों इनसान का इनसान से एक नाता तो बनता है। सभी ब्लागरों को उसी इनसानियत का वास्ता, मेहरबानी करके आप भी इस जोर-जुल्म के खिलाफ एक हो जाइए। हमें किसी ने संघर्ष नहीं करना हम चाहते हैं सम्मानपूर्वक सह अस्तित्व और शायद यही चहाते हैं हमारे वे भाई या बहन भी जो आज आस्ट्रेलिया में आफत झेल रहे हैं । -राजेश त्रिपाठी (2जून)

Tuesday, May 19, 2009

जय हो! जनता जनार्दन की



हां, यह जनता जनार्दन ही तो है जिसने बड़े-बड़े सूरमाओं को धराशायी कर दिया। उनके सपनों को मिट्टी में मिला दिया। जो कल तक इस बात पर ऐंठे फिरते थे कि उनका तीसरा, चौथा या न जाने कौन-सा मोर्चा गद्दी संभालने वाला है, अब गद्दी संभालने वाले उनसे कन्नी काट रहे हैं, उनकी ओर देख नहीं रहे। इस पर उनको दुख भी हो रहा है और वे चिढ़ भी रहे हैंष चिढ़ कर औरों से शिकायत भी कर रहे हैं कि देखो हमने इनका कितना साथ दिया और अब ये हैं कि हमसे बात भी नहीं करते। इस तरह आंखें फेर रहे हैं जैसे हम अछूत हैं। ऐसा सोचने-समझने वालों में लालू, रामविलास और मुलायम एंड कंपनी है। अपने दलों के इन तीनों क्षत्रपों ने सोचा यह था कि इनका दल अपने-अपने राज्यों में इनके रुतबे और हैसियत को वोटों में तब्दील करेगा और यह अपने मोर्चे या किसी समान विचारधारा के दूसरे मोर्चे की बांह थाम दिल्ली की गद्दी पर जा बैठेंगे। जनता जो जनार्दन मानी जाती है और जब मौका पाती है तो नीर-क्षीर विवेक करती है । उसने वैसा कर भी दिया और इन क्षत्रपों को इनकी औकात बता दी। अब ये राजनीति के बियाबान में भटक रहे हैं कि कहीं कोई साथी मिले जो बांह थाम ले, सत्ता के गलियारों तक इनकी पैठ में मदद करे। अब ऐसा होता नहीं लगता क्योंकि कई कांग्रेसी नेता इनसे चिढ़ रहे हैं इनकी जम कर आलोचना कर रहे हैं। ऐसा लाजिमी भी है क्योंकि इन्होंने ऐन चुनाव के मौके पर कांग्रेस का साथ छोड़ अलग गठबंधन बना लिया। उस कांग्रेस का जिसने अपनी सरकार में इनमें से दो (लालू यादव, रामविलास पासवान) को मंत्रिमंडल दे कर सम्मानित किया और ये लोकप्रियता के शिखर तक पहुंचे। अपने को दलितों का मसीहा समझने वाले रामविलास पासवान कहीं के नहीं रहे. जनता जनार्दन ने चुनाव में उनकी पार्टी का जो हस्र किया है वह कभी दुश्मन का भी न हो। अब उनके पास हार के जख्मों को सहलाने और उस दिन को कोसने के अलावा और कुछ नहीं बचा जिस दिन उन्होंने कांग्रेस से अलग चुनाव लड़ने की सोची थी। लालू और पासवान अब यह मान भी चुके हैं कि उनसे यह गलती हुई कि उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर चुनाव लड़ा। लेकिन अब सोचने से क्या होगा, अब तो रुतबा गया और रसूख भी। कभी लालू जिस बिहार में राज (इसे राज ही समझें) करते थे आज वह उनसे छिन चुका है। नीतीश कुमार वहां के मुख्यमंत्री हैं और जनता उन्हें बेहतर मानती है। अपहरण, हत्या और लूटपाट का पर्याय बना बिहार आज शांति और विकास के पथ पर चल पड़ा है। आप बिहार में रहने वाले किसी भी व्यक्ति से पूछिए वह वहां के सुशासन और बेहतर इंतजाम की प्रशंसा पंचमुख से करता है। यह का लालू जी भी या उनकी खड़ाऊं लेकर बैठने वाली राबड़ी देवी भी कर सकती थीं लेकिन उनसे हुआ नहीं या उन्होंने किया नहीं इस बहस पर जाने का कोई फायदा नहीं क्योंकि जनता ने उनके इम्तिहान का रिजल्ट निकाल दिया है।
जनता जनार्दन ने पश्चिम बंगाल और केरल के वामपंथियों को भी सबक दिया है। यह साफ संकेत दे दिया है कि अगर आप जनता से कट गये तो आप कहीं के नहीं रहेंगे। आपको वर्ग विशेष नहीं बल्कि समाज के हर वर्ग को साथ लेकर, उसकी सुख-सुविधा का ध्यान रख कर चलना होगा। उसने आपको किसी प्रत्याशा से ही सत्ता सौंपी है। लोकसभा चुनावों में अगर पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस ने अपार सफलता पायी है तो इसमें उनका करिश्मा तो है ही, जनता ने भी परिवर्तन के लिए वोट दिये। मां, माटी, मानुष का उनका जमीन बचाओ आंदोलन का नारा हिट हो गया। राज्य में ज्यादातर अल्पसंख्यक, आदिवासी कृषिजीवी हैं जब राज्य सरकार कृषि जमीन का उद्योंगों के लिए अधिग्रहण करने लगी तो उनको लगा कि उनकी जीविका का साधन छीना जा रहा है। उसे बचाने के आंदोलन में उन लोगों ने ममता को साथ पाया तो चुनाव में दिल खोल कर उनकी पार्टी का साथ दिया। लोगों के मुंह से यह भी सुना जनता है कि सर्वहारा की सरकार उस वर्ग से कटती जा रही है जिसके हित की बातें कर वह तीन दशक से भी अधिक के रिकार्ड समय से पश्चिम बंगाल की सत्ता में है। उनके कुछ नेता अपने इलाके में समांतर सत्ता चलाते हैं और उनकी वहां तूती बोलती है। उनके आगे राज्य के बड़े-बड़े नेताओं की भी नहीं चलती। कई इलाके में लोग कैडर राज की भी शिकायत करते हैं। यह कितना सच है और कितना राजनीति से प्रेरित यह तो अनुसंधान और विवेचना का मुद्दा है लेकिन यह दिन के उजाले की तरह साफ है कि कहीं तो कुछ है अन्यथा अजेय और अभेद्य लाल दुर्ग की नींव ममता के आंदोलन की आंधी न हिला पाती और चुनाव में वाम मोर्चा को इस तरह मुंह की न खानी पड़ती। अब उनके सामने एक ही रास्ता है हार की समीक्षा करें और जनता में विश्वास जगायें कि वे उनके हैं और उनका शासन उनके हित की रक्षा के लिए है।
जनता जनार्दन का एक बात के लिए और धन्यवाद और आभार व्यक्त करना बहुत जरुरी है। वह यह कि जो काम कोर्ट, चुनाव आयोग और राजनीतिक पार्टियां तक नहीं कर पायीं वह उसने कर दिखाया है। बराबर यह कहा जाता रहा है कि राजनीतिक पार्टियां यह सुनिश्चित करें कि आपराधिक प्रवृत्ति के लोग चुनाव लड़ कर संसद या विधानसभा न पहुंच पायें पर ऐसा कभी हुआ नहीं। दिन ब दिन अपराधियों की संख्या बढ़ती ही गयी। इस बार भी जेल में बंद अपराधियों ने अपने नाते-रिश्तेदारों को चुनाव में खड़ा कर दिया था ताकि वे जीत कर संसद में पहुंचे और उनका रुतबा बुलंद रहे.। मेरा भारत वाकई महान है और धन्य और वंदनीय है उनकी जागृत जनता। उसने इस बार दर्जनों अपराधियों को उनकी औकात बता दी और उनको या उनके अपनों को चुनाव में चारों खाने चित्त कर दिया। इस पुण्य कार्य के लिए जनता जनार्दन को जितना साधुवाद दिया जाये कम है। उसने संसद को आपराधिक चेहरों से अपवित्र और दागदार होने में कुछ हद तक तो बचा लिया वैसे कुछ इस तरह के लोग इस बार भी जीतने में कामयाब रहे। मुमकिन है जनता अपनी गलती अगली बार सुधार ले। तो इस जागरण और इस चेतना के लिए जय हो जनता जनार्दन की।
राजेश त्रिपाठी (19 मई)